Balrampur Times

स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जागरूकता की दोहरी पहल

रिपोर्ट – ब्यूरो बलरामपुर

विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान भी हुआ प्रारंभ

बलरामपुर।जनपद में आज शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में ‘स्कूल चलो अभियान’, विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का भव्य एवं उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया।अभियान का शुभारंभ उच्च प्राथमिक विद्यालय खगईजोत से किया गया, जहां से यह अभियान जनपद के सभी विद्यालयों एवं ग्रामों तक संचालित किया जाएगा।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ, जनप्रतिनिधिगण की गरिमामयी उपस्थिति।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बलरामपुर सदर पलटूराम, विधायक तुलसीपुर कैलाश नाथ शुक्ला, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और जनभागीदारी का वातावरण देखने को मिला।
*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से शिक्षा का दिया संदेश*
विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना एवं स्कूल चलो अभियान पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया।इन प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षा के महत्व एवं हर बच्चे को स्कूल से जोड़ने का सशक्त संदेश दिया गया।
बच्चों को वितरित की गई पाठ्य सामग्री, उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया, जिससे उनके शैक्षिक सत्र की सकारात्मक शुरुआत सुनिश्चित हो सके।साथ ही, पिछले वर्ष में स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत सर्वाधिक नामांकन सुनिश्चित करने वाले 05 शिक्षकों को सम्मानित किया गया—रजनीश कुमार शर्मा – कंपोजिट विद्यालय बघेलखंड, गैसड़ी राम सेवक – कंपोजिट विद्यालय सकरी, हरैया सतघरवा
राजेश – प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर, तुलसीपुर,श्रद्धा सिंह – प्राथमिक विद्यालय तिलकहना, पचपेड़वा आरती सिंह – प्राथमिक विद्यालय गैसड़ी
रैली के माध्यम से गांव-गांव पहुंचेगा संदेश
कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल चलो रैली एवं संचारी रोग नियंत्रण रैली को जनप्रतिनिधियों द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।रैली के माध्यम से शिक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जाएगा ।
“कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे” – जिलाधिकारी*
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि “यह अभियान केवल नामांकन तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने का संकल्प है। सभी शिक्षक यह सुनिश्चित करें कि जनपद का कोई भी बच्चा आउट ऑफ स्कूल न रहे।”
“परिषदीय विद्यालयों की बदली तस्वीर” – विधायक
विधायक बलरामपुर सदर पल्टूराम ने कहा कि “ मुख्यमंत्री के नेतृत्व में शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। मिशन कायाकल्प के अंतर्गत विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आज परिषदीय विद्यालय गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र बन रहे हैं।”इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शुभम शुक्ला, खण्ड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर,चेयरमैन प्रतिनिधि डी.पी. सिंह,पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ‘गुड्डू’,उपाध्यक्ष संजय शुक्ला सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button