Balrampur Times

स्कूल चलो अभियान को लेकर डीएम ने शिक्षकों संग की समीक्षा,शत-प्रतिशत नामांकन पर दिया जोर

रिपोर्ट ब्यूरो बलरामपुर

रेहरा बाजार, बलरामपुर।विकास खंड रेहरा बाजार में संचालित स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में शिक्षकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन तथा उनके शैक्षिक गुणवत्ता (लर्निंग आउटकम) में सुधार लाने पर विशेष रूप से चर्चा की गई।जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित शिक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से 3 से 14 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे की पहचान सुनिश्चित करते हुए उनका विद्यालय में नामांकन कराएं। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।डीएम ने लर्निंग आउटकम को बेहतर बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि केवल नामांकन ही नहीं, बल्कि बच्चों की पढ़ाई की गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए नियमित मूल्यांकन, बेसिक लर्निंग स्किल्स पर फोकस तथा बच्चों की रुचि के अनुरूप शिक्षण पद्धति अपनाने के निर्देश दिए गए।उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठयक्रम गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाए, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास एवं सीखने की रुचि बढ़े।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए शिक्षा विभाग के साथ-साथ आईसीडीएस, स्वास्थ्य एवं पंचायत विभाग भी समन्वय स्थापित कर कार्य करें, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को स्कूल से जोड़ा जा सके।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि प्रत्येक विद्यालय में नामांकन एवं उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा जिन बच्चों की उपस्थिति कम है, उनके अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें प्रेरित किया जाए।जिलाधिकारी ने सभी शिक्षकों से अपेक्षा की कि वे स्कूल चलो अभियान को जन आंदोलन के रूप में लेते हुए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें, ताकि जनपद में शत-प्रतिशत नामांकन एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लक्ष्य प्राप्त किया जाए।इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता व अन्य संबंधित अधिकारी,कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button