Balrampur Times

डीएम ने ग्राम सचिवालय शिवानगर में टीकाकरण सत्र का लिया जायजा

ड्यू लिस्ट की समीक्षा, ईंट-भट्ठों पर भी विशेष अभियान चलाने के निर्देश

सभी गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर, कोई भी पात्र न छूटे

बलरामपुर।जनपद बलरामपुर में संचालित विशेष टीकाकरण दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन ने ग्राम सचिवालय शिवानगर विकास खंड तुलसीपुर पहुंचकर टीकाकरण सत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां संचालित टीकाकरण गतिविधियों, लाभार्थियों की उपस्थिति, ड्यू लिस्ट तथा स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देशित किया कि सभी गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम में किसी भी पात्र गर्भवती महिला या बच्चे का छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए क्षेत्रवार ड्यू लिस्ट का सतत अद्यतन, घर-घर संपर्क तथा आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समन्वय से अभियान को और प्रभावी बनाया जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्यू लिस्ट की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन लाभार्थियों का टीकाकरण अभी शेष है, उन्हें चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि टीकाकरण केवल एक नियमित स्वास्थ्य सेवा नहीं, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुरक्षा का अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने विशेष रूप से ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिक परिवारों के बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण पर भी ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईंट-भट्ठों पर रहने वाले परिवार अक्सर नियमित स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाते हैं, ऐसे में वहां विशेष अभियान चलाकर सभी पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण कराया जाए, ताकि कोई भी बच्चा अथवा गर्भवती महिला छूटने न पाए।उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि टीकाकरण सत्रों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में भी जागरूकता बढ़ाते हुए अधिकतम लाभार्थियों को जोड़ा जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि टीकाकरण के प्रति लोगों में विश्वास एवं जागरूकता बनी रहे और सभी सत्र सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हों।जिलाधिकारी ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े ऐसे अभियानों की सफलता तभी संभव है, जब स्वास्थ्य विभाग एवं फील्ड स्तर के कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।इस दौरान अपर सीएमओ,जिला प्रतिरक्षा अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी तुलसीपुर , सीडीपीओ तुलसीपुर , ग्राम प्रधान व अन्य संबंधित अधिकारी,कर्मचारीगण उपस्थित रहें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button